सरकार ने जारी किया पहला ISP-सेवा उत्पादन सूचकांक
Government Releases First Service Production Index (ISP)
दिल्ली/प्रतिनिधी : केंद्र सरकार ने देश के औपचारिक सेवा क्षेत्र की गतिविधियों का मासिक आकलन करने के उद्देश्य से पहली बार सेवा उत्पादन सूचकांक (Index of Service Production-ISP) का प्रायोगिक संस्करण जारी किया है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी यह सूचकांक वर्ष 2024-25 को आधार वर्ष मानकर तैयार किया गया है और इसका पहला आंकड़ा अप्रैल 2026 का है। इस सूचकांक में सेवा क्षेत्र के 19 उप-क्षेत्र शामिल किए गए हैं, जो भारत के लगभग 60 प्रतिशत औपचारिक सेवा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
यह भी पढ़िए : भारत-ऑस्ट्रेलिया परमाणु समझौते से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत
अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार 19 में से 14 उप-क्षेत्रों में पिछले वर्ष की तुलना में दो अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। सबसे अधिक वृद्धि आवास एवं भोजन सेवाओं में 37.2 प्रतिशत तथा खुदरा व्यापार में 30.8 प्रतिशत रही। मंत्रालय के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग ने कहा कि यह सूचकांक पूरी तरह प्रशासनिक आंकड़ों, विभिन्न सरकारी मंत्रालयों से प्राप्त सूचनाओं और जीएसटी रिकॉर्ड पर आधारित है, जिससे उद्योगों पर कोई अतिरिक्त अनुपालन बोझ नहीं पड़ेगा। वहीं, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने इसे परीक्षण श्रृंखला बताते हुए कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं और आवास स्वामित्व जैसे क्षेत्रों को शामिल कर इसके दायरे को 85 से 90 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा।



