मोशी हादसा: लापरवाही पर प्रोजेक्ट अधिकारियों पर केस
Moshi accident: A case against project officials for negligence
पिंपरी-चिंचवाड़/सान्वी देशपांडे : मोशी गारबेज डिपो स्थित ‘वेस्ट टू एनर्जी’ प्रोजेक्ट में हुए दर्दनाक हादसे के मामले में MIDC भोसरी पुलिस ने प्रोजेक्ट हेड और सिक्योरिटी ऑफिसर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई नगर निगम की शिकायत और रोहित मधुकर निकम की शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे एंटनी लारा रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट में भारी बारिश के दौरान कचरे का विशाल ढेर प्रशासनिक भवन और उससे सटी सड़क पर ढह गया।
यह भी पढ़िए : आषाढ़ी वारी: सेवा और स्वच्छता का प्रेरक अभियान
जांच में सामने आया कि बारिश के कारण लीचेट (SLFP) निकलने और कचरे के खिसकने की आशंका पहले से मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। इस हादसे में नौ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने प्रोजेक्ट हेड अशोक कुमार सियाराम शरण गुप्ता और सिक्योरिटी ऑफिसर विजय रामराव सपकाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के लिए अन्य कौन-कौन जिम्मेदार हैं।



