PM मोदी ने न्यूजीलैंड के PM को भेंट की उत्तराखंडी टोपी
PM Modi Presents Uttarakhandi Cap to New Zealand Prime Minister
विशेष/प्रतिनिधी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक कूटनीति के साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा को भी प्रमुखता देते हुए न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े उपहार भेंट किए। प्रधानमंत्री मोदी ने क्रिस्टोफर लक्सन को उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी टोपी भेंट की, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हिमालयी पहचान का प्रतीक मानी जाती है। उच्च गुणवत्ता वाले ऊन से हस्तनिर्मित यह टोपी गर्माहट के साथ-साथ पारंपरिक शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसे सम्मान, गौरव, आतिथ्य और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी माना जाता है।
यह भी पढ़िए : पश्चिम एशिया तनाव से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
वहीं, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की प्रसिद्ध ऐपण लोककला पर आधारित भगवान शिव की विशेष कलाकृति भेंट की। कुमाऊँ क्षेत्र की यह पारंपरिक कला मुख्य रूप से महिलाओं द्वारा पर्व-त्योहारों के अवसर पर बनाई जाती है। लाल गेरू की पृष्ठभूमि पर चावल के घोल से निर्मित सफेद आकृतियां भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत करती हैं। भगवान शिव की इस कलाकृति में पवित्र ज्यामितीय आकृतियों के माध्यम से ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीकात्मक चित्रण किया गया है। इन उपहारों के माध्यम से भारत ने दुनिया के सामने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक मूल्यों और मित्र देशों के साथ गहरे संबंधों का प्रभावशाली संदेश दिया।



