US का ईरान पर बड़ा एयरस्ट्राइक, 140 ठिकाने निशाने पर
Major US Airstrike on Iran; 140 Targets Hit
विशेष/प्रतिनिधी : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के जवाब में ईरान के करीब 140 सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई। इन हमलों में मिसाइल लॉन्च साइट, ड्रोन क्षमता, एयर डिफेंस सिस्टम, संचार नेटवर्क और तटीय निगरानी केंद्रों को निशाना बनाया गया। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई। बताया जा रहा है कि हमले में मर्चेंट शिप को भारी नुकसान पहुंचा, उसमें आग लग गई और चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा। इस घटना के बाद होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।
यह भी पढ़िए : सुप्रीम कोर्ट में आज राम मंदिर डोनेशन केस की सुनवाई
दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है और आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई जा रही है। उधर, भारत ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने की अपील की है। भारत ने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समुद्री सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दिया है।



