भारत-EU व्यापार परिषद की बैठक में शामिल होंगे जयशंकर
Jaishankar will attend the India-EU Trade Council meeting
विशेष/प्रतिनिधी : विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर खाड़ी देशों की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद अब अमेरिका और बेल्जियम के महत्वपूर्ण दौरे पर रवाना हो रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वह आज न्यूयॉर्क पहुंचेंगे, जहां संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में वर्ष 2028-29 के कार्यकाल के लिए भारत के आधिकारिक चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़िए : भारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार
न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान डॉ. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेकर विभिन्न वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करना तथा सुरक्षा परिषद चुनाव के लिए व्यापक समर्थन जुटाना है।
अमेरिका दौरे के बाद विदेश मंत्री बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स पहुंचेंगे। वहां 14 और 15 जुलाई को आयोजित भारत-यूरोपीय संघ (EU) व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (Trade and Technology Council) की तीसरी बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह यूरोपीय संघ तथा बेल्जियम के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर चर्चा करेंगे।



