भारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार
American citizen arrested on India-Nepal border
उत्तर प्रदेश/प्रतिनिधी : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर के पास सुरक्षा एजेंसियों ने एक अमेरिकी नागरिक को अवैध रूप से नेपाल जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीमा के बॉर्डर पिलर संख्या 512 के निकट स्थित पगडंडी मार्ग पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान युवक के पास भारत में रहने या सीमा पार करने के लिए कोई वैध पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य अधिकृत यात्रा दस्तावेज नहीं मिले। पूछताछ में उसने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया, जो अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी है।
यह भी पढ़िए : IMD का अलर्ट: 5 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
गिरफ्तार युवक ने अधिकारियों को बताया कि वह पहले पर्यटन वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया। इसके बाद वह जल मार्ग से श्रीलंका पहुंचा और फिर भारत आकर कुछ समय गोवा में रहा। बाद में वह बिना वैध दस्तावेजों के नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण आरोपी के खिलाफ विदेशी अधिनियम और आव्रजन से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह भारत में कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा तथा उसके यात्रा मार्ग और उद्देश्य क्या थे।



