IMD का अलर्ट: 5 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
IMD alert: Heavy rain forecast for next 5 days
दिल्ली/प्रतिनिधी : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज से मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 जुलाई तक लगातार सामान्य से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इन राज्यों में कई स्थानों पर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
यह भी पढ़िए : IPhO 2026 में भारत का जलवा, 5 छात्रों ने जीते गोल्ड
दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। उत्तरी-दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में 18 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और नदियों-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



