IPhO 2026 में भारत का जलवा, 5 छात्रों ने जीते गोल्ड
In IPhO 2026 Ka Jalwa, 5 Students Win Gold
विशेष/प्रतिनिधी : भारत ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलंबिया के बुकारामंगा में आयोजित 56वें अंतर्राष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड (International Physics Olympiad-IPhO 2026) में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। भारतीय टीम के सभी पांच प्रतिभागियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इसके साथ ही भारत ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संयुक्त रूप से पहला स्थान भी प्राप्त किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में पुणे के कनिष्क जैन, इंदौर के रिद्धेश अनंत बेंडले, नई दिल्ली के ऋषित गर्ग, मुंबई के श्रेष्ठ सुरैया तथा अहमदाबाद के स्वरित जोशी शामिल हैं। इन सभी छात्रों ने कठिन सैद्धांतिक और प्रायोगिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वभर के प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
यह भी पढ़िए : भारत में कतर के पूर्व अमीर के निधन पर राष्ट्रीय शोक
परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा भौतिकविदों की यह अभूतपूर्व उपलब्धि पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रतिभाशाली छात्र भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भारतीय छात्रों की यह सफलता देश की मजबूत वैज्ञानिक शिक्षा व्यवस्था, समर्पित शिक्षकों और प्रतिभाशाली युवाओं की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।



