पीयूष गोयल की यूरोप यात्रा,व्यापार पर रहेगा फोकस
Piyush Goyal's Europe trip, focus will be on business
विशेष/प्रतिनिधी : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 से 17 जुलाई तक स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और यूरोपीय देशों के बीच व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक सहयोग को नई गति देना है। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, उनके साथ उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, रत्न एवं आभूषण, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य सेवा और डिजाइन जैसे क्षेत्रों की प्रमुख भारतीय कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। दौरे के पहले चरण में पीयूष गोयल स्पेन में आयोजित भारत-स्पेन व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, रेलवे, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, खाद्य प्रसंस्करण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी के अवसरों पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़िए : इंदौर में 21 लाख पौधारोपण महाअभियान की शुरुआत
इसके बाद वह बेल्जियम में भारत-यूरोपीय संघ व्यापार गोलमेज सम्मेलन तथा व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (TTC) की बैठक में शामिल होंगे। यहां प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, कारोबार सुगमता, टिकाऊ प्रौद्योगिकी और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही थेल्स ग्रुप और सिलॉक्स ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीईओ स्तर की बैठकें भी होंगी। यात्रा के अंतिम चरण में 16 और 17 जुलाई को फिनलैंड में आयोजित भारत-फिनलैंड व्यापार गोलमेज सम्मेलन में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की जाएगी।



