जर्जर इमारत ने छीनी 12 वर्षीय मासूम की जिंदगी
Dilapidated Building Claims Life of 12-Year-Old Boy
ठाणे/सान्वी देशपांडे : ठाणे के ब्रह्मांड इलाके स्थित आज़ादनगर की मद्रास चॉल में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 25 से 30 वर्ष पुरानी इस एक मंजिला चॉल में दोपहर लगभग 3:30 बजे एक मकान की गैलरी का हिस्सा अचानक टूटकर पड़ोसी घर पर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद 12 वर्षीय जयकुमार जायसवाल, उनकी मां उर्मिला जायसवाल और छोटा भाई विनीत जायसवाल मलबे के नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद डिजास्टर रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाकर तीनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल उर्मिला जायसवाल और उनके छोटे बेटे विनीत जायसवाल को मानपाड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल जयकुमार जायसवाल को जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़िए : बृहन्मुंबई प्रतिष्ठान के मैनेजिंग ट्रस्टी बने प्रशांत दामले
प्रशासन ने इमारत की जर्जर स्थिति को देखते हुए एहतियातन मद्रास चॉल के अन्य तीन घरों को भी तत्काल खाली करा दिया है। अधिकारियों द्वारा इमारत की तकनीकी जांच कराई जा रही है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।



