मेघालय अनानास महोत्सव 2026 का दिल्ली में शुभारंभ
Launch of Meghalaya Pineapple Festival 2026 in Delhi
दिल्ली/प्रतिनिधी : पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दिल्ली हाट में ‘मेघालय अनानास महोत्सव 2026’ के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस महोत्सव का उद्देश्य मेघालय के प्रसिद्ध उच्च गुणवत्ता वाले अनानास को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना तथा किसानों की आय बढ़ाना है।
यह भी पढ़िए : भारत-न्यूज़ीलैंड रिश्तों को मिली नई रणनीतिक दिशा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ अभियान को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय किसानों को नए बाजार, बेहतर मूल्य और वैश्विक पहचान मिलने का अवसर प्राप्त होता है। सिंधिया ने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर के कृषि उत्पाद देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर राज्यों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेघालय के किसानों द्वारा उत्पादित अनानास अपनी गुणवत्ता, स्वाद और प्राकृतिक मिठास के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे महोत्सव किसानों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और नए खरीदारों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से मेघालय के कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।



