भारत-न्यूज़ीलैंड रिश्तों को मिली नई रणनीतिक दिशा
New Strategic Direction for India-New Zealand Relations
विशेष/प्रतिनिधी : भारत और न्यूज़ीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूज़ीलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, खेल, पर्यटन, पशुपालन, डेयरी और आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। रक्षा सहयोग के तहत भारत के रक्षा मंत्रालय और न्यूज़ीलैंड डिफेंस फोर्स के बीच समुद्री सहयोग (मैरीटाइम कोऑपरेशन) पर मेमोरेंडम ऑफ अरेंजमेंट (MoA) हुआ है। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करना है।
यह भी पढ़िए : 20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र
खेल क्षेत्र में दोनों देशों ने संयुक्त कार्ययोजना (Joint Action Plan on Sports) पर सहमति जताई है, जिसके तहत खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स मेडिसिन और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में सहयोग बढ़ाया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में हुए समझौते से दोनों देशों के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने तथा आधुनिक डेयरी प्रबंधन के अनुभव साझा करने पर सहमति बनी है। वहीं भारत की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और न्यूज़ीलैंड की नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के बीच आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में सहयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इन समझौतों से दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंध पहले से अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।



