20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र
Parliament's Monsoon Session to Begin on July 20
दिल्ली/प्रतिनिधी : संसद के आगामी मानसून सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और डॉ. एल. मुरुगन ने शनिवार को संसद भवन परिसर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी सत्र के दौरान होने वाले विधायी कार्यों, सदन की कार्यवाही और आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश कर सकती है, जबकि विपक्ष भी महंगाई, बेरोजगारी, कृषि, राष्ट्रीय सुरक्षा और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में यह सत्र राजनीतिक और विधायी दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़िए : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन ने बनाया नया रिकॉर्ड
बैठक के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी मानसून सत्र के लिए निर्धारित विधायी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सत्र के सुचारु संचालन और प्रभावी विधायी कार्य सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों के साथ-साथ राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।



