आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन ने बनाया नया रिकॉर्ड
Ayushman Bharat Digital Mission Sets New Record
दिल्ली/प्रतिनिधी : देश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के स्टीयरिंग ग्रुप की तीसरी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मिशन की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नागरिक-केंद्रित, इंटरऑपरेबल और तकनीक आधारित डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन आज दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में शामिल हो चुका है। मिशन के तहत अब तक 93 करोड़ 95 लाख से अधिक ABHA नंबर बनाए जा चुके हैं, जबकि 105 करोड़ से अधिक डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंक किए जा चुके हैं। इसके अलावा 5.33 लाख स्वास्थ्य संस्थान और 9.85 लाख स्वास्थ्य पेशेवर राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य रजिस्ट्रियों में पंजीकृत हैं।
यह भी पढ़िए : राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच 23 कर्मचारियों का इस्तीफा
सरकार के अनुसार 2.72 लाख से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों ने ABDM-सक्षम सॉफ्टवेयर अपनाया है। वहीं, मरीजों के ओपीडी पंजीकरण को तेज और आसान बनाने के लिए करीब 24 करोड़ ‘स्कैन एंड रजिस्टर’ टोकन जारी किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि अगले चरण में इस मजबूत डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना का देशभर में व्यापक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति मिल सके।



