पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी घमासान, भूपेश बघेल की अहम बैठक
Internal turmoil in Punjab Congress; Bhupesh Baghel holds a crucial meeting
पंजाब/प्रतिनिधि : पंजाब कांग्रेस में जारी राजनीतिक हलचल के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के विशेष पर्यवेक्षक भूपेश बघेल के पंजाब दौरे का रविवार को अंतिम दिन है। पूरे दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अब तक भूपेश बघेल से मुलाकात नहीं की है, जिससे राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, पार्टी सूत्रों का कहना है कि दौरे के अंतिम दिन चन्नी समर्थक नेता भूपेश बघेल से मिलकर अपना पक्ष रख सकते हैं।
यह भी पढ़िए : E85 लॉन्च की तैयारी, जानिए किन वाहनों में होगा इस्तेमाल
इससे पहले चन्नी गुट के नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह के आवास पर बैठक कर मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि अभी तक उनकी भूपेश बघेल से औपचारिक मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही वे विशेष पर्यवेक्षक के सामने अपनी बात विस्तार से रखेंगे।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पार्टी में चल रहे विवाद पर फिलहाल कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। चन्नी के करीबी और कांग्रेस विधायक परगट सिंह का कहना है कि कांग्रेस हाईकमान पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी बात विशेष पर्यवेक्षक के समक्ष रखी जाएगी और पार्टी नेतृत्व सभी पक्षों को सुनने के बाद उचित निर्णय लेगा।



