18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी
IMD Issues Heavy Rain Alert for 18 States
दिल्ली/प्रतिनिधि : देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र , हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय और केरल में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
IMD ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है। इससे निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी आज तेज बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़िए : TMC छोड़ BJP में शामिल हुए तीन पूर्व सांसद
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसानों, यात्रियों और मछुआरों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा है।



