पिंपरी-चिंचवड़ में बड़ा हादसा! बारिश के कारन गिरी बिल्डिंग
Major incident in Pimpri-Chinchwad! G+2 building collapses due to heavy rain.
पुणे/सान्वी देशपांडे : पिंपरी-चिंचवड़ शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मोशी इलाके से एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। मोशी कचरा डिपो परिसर में स्थित ग्राउंड फ्लोर प्लस दो मंजिला (G+2) आरसीसी संरचना वाली कैंटीन और कार्यालय भवन अचानक अंडरग्राउंड नींव धंसने के कारण भरभराकर गिर गया। यह हादसा दोपहर के लंच टाइम के दौरान हुआ, जिससे आशंका जताई जा रही है कि भवन में मौजूद कुछ कर्मचारी मलबे के नीचे फंस गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार मलबे के भीतर से कुछ लोगों की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई है, जिससे उनके जीवित होने की उम्मीद बनी हुई है। हालांकि, अब तक मलबे में फंसे लोगों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़िए : एल नीनो पर सरकार अलर्ट, किसानों के लिए नई सलाह
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन दल और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, पुणे शहर, उपनगरों और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई निचले इलाकों में जलभराव और प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखा जा रहा है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



