NMIA को ड्रग इंपोर्ट की मंजूरी,दवा सप्लाई चेन होगी मजबूत
NMIA Receives Drug Import Approval; Pharmaceutical Supply Chain to Strengthen
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : केंद्र सरकार ने देश की दवा आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दवाओं (ड्रग्स) के आयात के लिए अधिकृत पोर्ट घोषित कर दिया है। यह अधिसूचना ड्रग्स रूल्स, 1945 के तहत जारी की गई है। इस फैसले के बाद नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब देश के उन 42 अधिकृत पोर्ट्स में शामिल हो गया है, जहां से दवाओं का आयात किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि इससे दवा आयात प्रक्रिया अधिक तेज, सरल और प्रभावी बनेगी। साथ ही आयातकों को एक अतिरिक्त प्रवेश द्वार मिलने से लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और सप्लाई चेन में आने वाली बाधाएं भी घटेंगी।
यह भी पढ़िए : महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर CM फडणवीस का बड़ा ऐलान
विशेषज्ञों के अनुसार, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को यह मंजूरी मिलने से महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिम भारत में दवा वितरण व्यवस्था को नया बल मिलेगा। इससे फार्मास्यूटिकल उद्योग को बेहतर कनेक्टिविटी, तेज़ कस्टम क्लियरेंस और समय पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। केंद्र सरकार का यह कदम भारत के तेजी से बढ़ते फार्मा सेक्टर को नई गति देने के साथ-साथ वैश्विक दवा व्यापार में देश की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी मजबूत करेगा।



