Trending

कोंकण में बारिश का कहर, भूस्खलन से मची अफरा-तफरी

Rain Havoc in Konkan; Landslides Cause Chaos

नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने सिंधुदुर्ग जिले के लिए आज और कल येलो अलर्ट जारी किया है। संभावित भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क कर दिया है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। जिले में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक टीम भी तैनात की गई है।

रत्नागिरी में देर रात भारी बारिश के कारण भूस्खलन

उधर, रत्नागिरी जिले के खेड़ तालुका के दहीवली-शेलारवाड़ी क्षेत्र में देर रात भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए। स्थानीय पुलिस और NDRF की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने मलबे में फंसी तीन महिलाओं में से एक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि अन्य दो की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है।

यह भी पढ़िए :
नासिक में भारी बारिश का रेड अलर्ट! मंदिर और स्कूल-कॉलेज बंद

उद्योग मंत्री उदय सामंत ने किया दौरा

इसी बीच, उद्योग मंत्री उदय सामंत ने मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग के काशेदी घाट क्षेत्र का दौरा कर निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए बारिश के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पेन तालुका में मूसलाधार बारिश के कारण हुवा नुकसान

वहीं रायगढ़ जिले के पेन तालुका में पिछले पांच दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खारेपट क्षेत्र में धान की खेती को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में खेत पानी में डूब गए हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker