Trending

CM फडणवीस की अपील: बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर न निकलें

Assembly proceedings adjourned; CM Fadnavis appeals to citizens not to step out unless necessary

नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश, तेज़ हवाओं और आपात जैसी स्थिति को देखते हुए विधानसभा की सोमवार की शेष कार्यवाही स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सदन में घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में बने गंभीर हालात को देखते हुए अगली बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सतर्क रहने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

विपक्ष नेताओंने मानसून पूर्व तैयारी पर उठाये सवाल

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के नेताओं विजय वडेट्टीवार, अजय चौधरी और अमित पटेल ने मुंबई में बड़ी संख्या में पेड़ गिरने, समय पर पेड़ों की छंटाई नहीं होने तथा सीमेंट सड़कों में आई दरारों का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की।

यह भी पढ़िए :
मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर लैंडस्लाइड, 16 ट्रेनें रद्द

राज्य अभूतपूर्व प्राकृतिक संकट का कर रहा है सामना

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जवाब देते हुए कहा कि इस बार राज्य अभूतपूर्व प्राकृतिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को मुंबई में लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और एक ही दिन में करीब 350 पेड़ गिर गए, जबकि सामान्य तौर पर पूरे मानसून में लगभग 800 पेड़ गिरते हैं। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

वर्क फ्रॉम होम; बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर न निकलें – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने वर्क फ्रॉम होम को प्रोत्साहित किया है और स्कूल-कॉलेजों के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। मुंबई-पुणे मार्ग पर भूस्खलन के बाद यातायात रोककर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पुलिस, राजस्व विभाग और सभी संबंधित एजेंसियां लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर न निकलें, पेड़ों, जर्जर इमारतों और दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। विशेष रूप से युवाओं से मानसून पर्यटन, झरनों और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने का आग्रह किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुई सभी घटनाओं, राहत कार्यों और भविष्य की तैयारियों पर विस्तृत बयान मंगलवार को विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker