Trending

महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश, मुंबई-ठाणे में रेड अलर्ट

Torrential Rain in Maharashtra; Red Alert for Mumbai and Thane

नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : पिछले कुछ दिनों से कोंकण तट और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रविवार से बारिश की तीव्रता और बढ़ गई है तथा राज्य के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार जुलाई की शुरुआत से ही महाराष्ट्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। विशेष रूप से कोंकण तट और पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में लगातार अच्छी बारिश हो रही है। इसके विपरीत मराठवाड़ा के अधिकांश हिस्सों में अब भी अपेक्षित वर्षा नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने फिलहाल मराठवाड़ा के लिए कोई विशेष बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।

आखिर क्यों बढ़ गई बारिश की रफ्तार?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 2 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) ने अब अधिक ताकत हासिल कर ली है और यह डिप्रेशन में परिवर्तित हो रहा है। डिप्रेशन बनने के कारण हवाओं की गति बढ़ जाती है, जिससे अधिक मात्रा में बादलों का निर्माण होता है और भारी बारिश की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसके अलावा महाराष्ट्र से कर्नाटक तट तक सक्रिय ऑफशोर ट्रफ भी लगातार नमी पहुंचा रही है, जिससे कोंकण और घाट क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

यह भी पढ़िए :
CM फडणवीस की अपील: बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर न निकलें

मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और समुद्र तटों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून इसी तरह सक्रिय बना रह सकता है।

किन राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी?

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, पालघर, पुणे घाट क्षेत्र और नासिक घाट क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कोल्हापुर, सतारा, नासिक, धुले, जलगांव, बुलढाणा, वाशिम, अकोला, अमरावती, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गढ़चिरौली और चंद्रपुर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker