उरण में पानी संकट से मिली राहत; रणसाई डैम फुल
Relief from Water Crisis in Uran; Ransai Dam Full
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : उरण तालुका के लोगों और औद्योगिक क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उरण को पानी उपलब्ध कराने वाला रणसाई डैम रविवार देर रात पूरी तरह भर गया। महज पांच दिनों की लगातार हुई भारी बारिश के बाद डैम का भरना इस वर्ष का ही नहीं, बल्कि अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है।
कम बारिश के कारण अतिरिक्त पानी कटौती लागू की थी।
जून महीने में कम बारिश के कारण डैम का जलस्तर लगातार गिर रहा था। 116 फीट ऊंचे इस डैम का डेड स्टोरेज लेवल 86 फीट है, लेकिन जलस्तर घटकर 81 फीट तक पहुंच गया था। स्थिति गंभीर होने पर महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (MIDC) ने मंगलवार और शुक्रवार के नियमित जलकटौती दिवसों के अलावा रविवार को भी अतिरिक्त पानी कटौती लागू की थी। हालांकि जुलाई में अच्छी बारिश के बाद रविवार की जलकटौती रद्द कर दी गई है और आने वाले दिनों में किसानों के लिए लागू दो दिन की जलकटौती भी समाप्त किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़िए : मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड, कलंबोली से एंट्री बंद
उरण में प्रतिदिन लगभग 41 मिलियन लीटर पानी की आवश्यकता
रणसाई डैम से उरण शहर, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक इकाइयों, ONGC, भारत पेट्रोलियम और अन्य प्रमुख परियोजनाओं को पानी की आपूर्ति होती है। उरण की प्रतिदिन लगभग 41 मिलियन लीटर पानी की आवश्यकता है, जबकि उपलब्धता केवल 30 मिलियन लीटर है। इससे रोजाना करीब 10 मिलियन लीटर पानी की कमी बनी रहती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले 60 वर्षों में डैम की जल भंडारण क्षमता 10 मिलियन क्यूबिक मीटर से घटकर 7 मिलियन क्यूबिक मीटर से भी कम रह गई है। ऐसे में डैम की ऊंचाई बढ़ाने या गाद (सिल्ट) निकालकर उसकी क्षमता बढ़ाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जल संकट फिर गंभीर रूप ले सकता है।



