मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड, कलंबोली से एंट्री बंद
Landslide on Mumbai-Pune Expressway; Entry from Kalamboli Suspended
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार सुबह मुंबई-पुणे यशवंतराव चव्हाण एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कलंबोली से एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी। इस निर्णय के बाद कलंबोली सर्कल और मैकडोनाल्ड के सामने वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मिसिंग लिंक क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा गिरने की घटनाएं
लगातार बारिश और तेज़ हवाओं के कारण लोनावला के मिसिंग लिंक क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं, एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर पानी भरने से यातायात की रफ्तार काफी धीमी हो गई। रविवार रात से हालात और गंभीर होने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया।
यह भी पढ़िए : पालघर में बाढ़ का कहर,80 घरों में घुसा कमर तक पानी
नवी मुंबई ट्रैफिक पुलिस के उपायुक्त राहुल खाड़े ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। मुंबई से पुणे और गोवा जाने वाले वाहन चालकों को पुराने मुंबई-पुणे हाईवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है। हालांकि उस मार्ग पर भी ट्रैफिक का दबाव बना हुआ है। पुलिस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना अधिक सुरक्षित रहेगा।



