शनिवारवाड़ा से दगडूशेठ गणपति मंदिर तक अब मुफ्त ई-कार सुविधा
Free E-Car Service Now Available from Shaniwar Wada to Dagdusheth Ganpati Temple
पुणे/प्रतिनिधि : श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट को एक इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गाड़ी भेंट की गई है। इस नई पहल के तहत श्रद्धालुओं को शनिवारवाड़ा से श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर तक निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले भक्तों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़िए : Railway Update: 22 जोड़ी ट्रेनें रद्द,28 ट्रेनें का बदला रूट
यह इलेक्ट्रिक गाड़ी ‘एका मोबिलिटी’ कंपनी की ओर से कंपनी के प्रतिनिधि सुधीर मेहता द्वारा ट्रस्ट को सौंपी गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी तथा कंपनी की ओर से सुनंदा मेहता और अरिहंत मेहता उपस्थित रहे। ट्रस्ट ने बताया कि पहले चरण में यह सेवा शनिवारवाड़ा से मंदिर तक उपलब्ध रहेगी। आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार पुणे रेलवे स्टेशन, एसटी बस स्टेशन और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों तक किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।
ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने ने कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस इलेक्ट्रिक वाहन का संचालन बेहद किफायती है और इसकी लागत लगभग 50 पैसे प्रति किलोमीटर आती है। वहीं, ‘एका मोबिलिटी’ के अरिहंत मेहता ने भविष्य में भी ट्रस्ट के साथ मिलकर इस सेवा का विस्तार करने और अधिक श्रद्धालुओं तक इसकी सुविधा पहुंचाने का भरोसा जताया।



