Railway Update: 22 जोड़ी ट्रेनें रद्द,28 ट्रेनें का बदला रूट
Railway Update: Over 22 Pairs of Trains Cancelled, 28 Pairs Diverted
विशेष/प्रतिनिधि : पूर्वोत्तर रेलवे के गोंडा और गोंडा कचहरी रेलखंड के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने के लिए 5 जुलाई से 10 जुलाई तक नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा परियोजना के कारण कुल 56 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस दौरान 22 जोड़ी ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जिनमें 8 एक्सप्रेस और 14 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा 28 जोड़ी ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, जबकि 5 जोड़ी ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, एक जोड़ी ट्रेन का संचालन नियंत्रित रूप से किया जाएगा।
यह भी पढ़िए : भारत-ईयू बैठक में शामिल होंगे डॉ. एस. जयशंकर
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यह कार्य भविष्य में रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज़ बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों पर इसका सीमित प्रभाव पड़ेगा। रेलवे ने प्रभावित यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। जिन यात्रियों की ट्रेन निरस्त हुई है, उन्हें रेलवे के नियमानुसार टिकट का पूरा धनवापसी लाभ दिया जाएगा।



