AI और निवेश पर भारत-फ्रांस की नई रणनीतिक साझेदारी
New India-France Strategic Partnership on AI and Investment
विशेष/प्रतिनिधि : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी अब टिकाऊ, मजबूत और नवाचार आधारित विकास के नए दौर में प्रवेश कर रही है। पेरिस में आयोजित भारत-फ्रांस बिजनेस राउंडटेबल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति, सप्लाई चेन में विविधता, ऊर्जा परिवर्तन और बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच दोनों देशों के सहयोग की अहम भूमिका है। वित्त मंत्री ने फ्रांसीसी उद्योगपतियों और निवेशकों को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की यात्रा में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस भरोसेमंद कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नई तकनीकों के क्षेत्र में वैश्विक साझेदार के रूप में उभर रहे हैं।
यह भी पढ़िए : WhatsApp के बाद Telegram पर केंद्र सरकार की कार्रवाई
उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में भारत-फ्रांस के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना हो चुका है और भारत में लगभग एक हजार फ्रांसीसी कंपनियां कार्यरत हैं। आधार, यूपीआई, डिजिलॉकर, ओएनडीसी और इंडिया स्टैक जैसी डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना ने भारत को दुनिया की अग्रणी डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शामिल किया है। सीतारमण ने कहा कि भारत का स्वच्छ ऊर्जा अभियान नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरेज और स्मार्ट ग्रिड जैसे क्षेत्रों में निवेश के नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि IFSCA वैश्विक वित्तीय केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर उपलब्ध करा रहा है।



