नेरुल करंट हादसे पर एक्शन, बिजली विभाग के इंजीनियर सस्पेंड
Action Taken on Nerul Electrocution Incident; Electricity Department Engineer Suspended
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई में नेरुल स्थित L.P नाका ब्रिज के नीचे बारिश के दौरान हुए करंट हादसे में दो छात्रों के घायल होने के मामले में नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) ने सख्त कार्रवाई की है। 1 जुलाई 2026 को डिजास्टर मैनेजमेंट सेल को सूचना मिली थी कि सड़क पर पड़े बिजली के केबल के बारिश के पानी के संपर्क में आने से पैदल जा रहे दो छात्रों को करंट लग गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत डी.वाई. पाटिल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर निगरानी के लिए वाशी स्थित फोर्टिस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों छात्रों की हालत अब स्थिर है और लगातार सुधार हो रहा है। प्रारंभिक जांच में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आने पर नवी मुंबई महानगरपालिका ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिजली) प्रवीण हिंदुराव गाडे को 2 जुलाई 2026 के आदेश से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले की स्वतंत्र जांच के लिए इलेक्ट्रिसिटी इंस्पेक्टर, ठाणे-1 को नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़िए : गर्भवती की मौत पर NMMC का बड़ा एक्शन, डॉक्टर सस्पेंड
महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे के निर्देश पर स्वास्थ्य एवं बिजली विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है। निगम ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का निर्णय लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।



