सारथी से बदली मराठा युवाओं की तकदीर: CM फडणवीस
'Sarathi' has transformed the fortunes of Maratha youth: CM Fadnavis
पुणे/सान्वी देशपांडे : पुणे के गणेश कला क्रीड़ा मंच में आयोजित समारोह में UPSC, MPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक सारथी के माध्यम से 140 अभ्यर्थी यूपीएससी, 1,124 अभ्यर्थी एमपीएससी तथा 500 से अधिक युवा बैंकिंग क्षेत्र में सफल हुए हैं। वहीं 13 हजार से अधिक युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर रोजगार योग्य बनाया गया है तथा दो लाख से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मराठा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण, उद्यमिता और आधुनिक तकनीक आधारित अवसर उपलब्ध कराने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सारथी (छत्रपति शाहू महाराज रिसर्च, ट्रेनिंग एंड ह्यूमन डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट) इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
यह भी पढ़िएः अमरनाथ यात्रा : BSF-CISF का बड़ा सर्च ऑपरेशन
उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यावसायिक शिक्षा शुल्क में 50 प्रतिशत छूट, छात्रावास, 60 हजार रुपये तक गुजारा भत्ता तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ब्याज अनुदान जैसी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर और आधुनिक तकनीकी कौशल अपनाने का आह्वान किया।
एमपीएससी परीक्षा में ऑनलाइन प्रणाली लागू
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एमपीएससी परीक्षा में ऑनलाइन प्रणाली लागू करने पर कोई भी निर्णय विद्यार्थियों से विस्तृत चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। साथ ही मेरिट में आने के बावजूद नौकरी से वंचित युवाओं के लिए ‘निपुण सेतु’ पहल शुरू कर उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि सारथी केवल एक सरकारी संस्था नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवा सशक्तिकरण का प्रभावी आंदोलन बन चुका है।



