ऑपरेशन यमलकमली: 7 साल बाद तस्कर गिरफ्तार
Operation Yamalkamali: Smuggler Arrested After 7 Years
जयपुर/प्रतिनिधि : राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर रणजीत दायमा उर्फ रणजीत बंजारा को केरल से गिरफ्तार किया है। ‘ऑपरेशन यमलकमली’ के तहत एएनटीएफ की टीम ने करीब 2500 किलोमीटर का पीछा कर आरोपी को उसके ठिकाने से दबोचा। पुलिस के अनुसार रणजीत डोडा-चूरा तस्करी के नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

यह भी पढ़िएः चीता परियोजना की प्रगति से संतुष्ट दिखीं राष्ट्रपति
वह केरल के वडकनचेरी क्षेत्र में कंबल विक्रेता बनकर रह रहा था तथा स्थानीय भाषा सीखकर लोगों के बीच घुलमिल गया था। हाल ही में गिरफ्तार तस्कर रमेश बंजारा से मिली जानकारी के आधार पर एएनटीएफ ने यह कार्रवाई की। कई दिनों तक निगरानी के बाद टीम ने ग्राहक बनकर आरोपी को जाल में फंसाया और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सहयोगियों की जांच कर रही है।



