मानसून सत्र: किसानों के लिए ₹20,752 करोड़ मंजूर
Monsoon Session: ₹20,752 Crore Approved for Farmers
मुंबई/सान्वी देशपांडे : महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार को विधान भवन में हुई। विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही वंदे मातरम् तथा राज्य गान के साथ प्रारंभ हुई। सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने हाल ही में निर्वाचित सदस्यों सुनेत्रा पवार और अक्षय कर्डिले को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में 97,706 करोड़ रुपये की अनुपूरक मांगें (सप्लीमेंट्री डिमांड) पेश कीं। इनमें 20,752 करोड़ रुपये का प्रावधान किसान कर्जमाफी योजना के लिए किया गया है। इस राशि में 200 करोड़ रुपये पूर्व लंबित कर्जमाफी के लिए तथा 20,552 करोड़ रुपये नवघोषित पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर किसान कर्जमाफी योजना के लिए निर्धारित किए गए हैं।
यह भी पढ़िएः महाराष्ट्र में मॉनसून की वापसी, बारिश के आसार
सदन में शोक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रख्यात गायिकाओं आशा भोसले और सुमन कल्याणपुर सहित पूर्व विधायक अनंतराव थोपटे, विट्ठलराव धोटे, उषादेवी जगदाले, शकुंतला शर्मा तथा अन्य दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।



