Trending

दादर प्लाज़ा इलाके में BEST बस हादसा, 2 की मौत

BEST Bus Accident in Dadar Plaza Area ; 2 Dead

मुंबई/ सान्वी देशपांडे : मुंबई के दादर इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्लाज़ा सिनेमा के पास BEST की इलेक्ट्रिक बस नंबर 463 अनियंत्रित होकर कई वाहनों से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे दादर और प्लाज़ा इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

तेज रफ्तार बस पहले एक ट्रेलर से टकराई और….

जानकारी के मुताबिक BEST बस धारावी से दादर की ओर आ रही थी। सुबह करीब 9.30 बजे जब बस प्लाज़ा सिनेमा और कोतवाल गार्डहाउस के पास पहुंची, तभी ड्राइवर का स्टीयरिंग से नियंत्रण खो गया। तेज रफ्तार बस पहले एक ट्रेलर से टकराई और फिर सड़क पर खड़ी तीन से चार कारों तथा कई टू-व्हीलर्स को अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़िएः
पनवेल में ‘माझी वसुंधरा 7.0’ के तहत वृक्षारोपण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक टू-व्हीलर बस के नीचे फंस गया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों में ऋषभ गुप्ता, सतीश वाघंबरे और महेश डोईफोडे के नाम सामने आए हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह मुंबई का अत्यंत व्यस्त इलाका माना जाता है। प्लाज़ा सिनेमा और उसके आसपास का क्षेत्र सुबह से देर रात तक लोगों की भीड़ से भरा रहता है। यहां बड़ी संख्या में सब्ज़ी विक्रेता, व्यापारी, मजदूर और ऑफिस जाने वाले लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे व्यस्त इलाके में हुए इस हादसे ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है।

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और BEST प्रशासन से भी रिपोर्ट मांगी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker