रायगढ़ किले का पैदल दो दिन रहेगा बंद
Raigad Fort Footpath Closed on May 30-31
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : रायगढ़ किले पर इस वर्ष आयोजित होने वाले शिवराज्याभिषेक समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारी शुरू कर दी है। इस साल शिवराज्याभिषेक समारोह 6 जून और 26 जून 2026 को मनाया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में शिवभक्त, नागरिक और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रायगढ़-अलीबाग के अध्यक्ष किशन जावले ने 30 और 31 मई 2026 को रायगढ़ किले पर चढ़ने और उतरने वाले पैदल मार्ग को पूरी तरह बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़िएः ठाणे-नवी मुंबई पुलिस का बड़ा ड्रग ऑपरेशन
प्रशासन के अनुसार वर्ष 2023 में हुए हादसे के बाद महादरवाजे के नीचे की चट्टानों से ढीले पत्थर गिरने का खतरा बढ़ गया था। इसी खतरे को देखते हुए भूस्खलन रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 30 और 31 मई को दुर्गावीर प्रतिष्ठान, मुंबई की मदद से प्रशिक्षित रैपलर ढीले पत्थरों को हटाने का कार्य करेंगे। इस दौरान किले पर पैदल आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। हालांकि श्रद्धालुओं के लिए रायगढ़ रोपवे सेवा पूर्ववत जारी रहेगी।



