ऑनलाइन दवाओं के विरोध में देशभर में मेडिकल बंद
Nationwide Medical Shutdown in Protest Against Online Medicines
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री के विरोध में आज देशभर में मेडिकल स्टोर्स बंद रहे। All India Chemists and Druggists Association के आह्वान पर करीब 12 लाख से अधिक मेडिकल दुकानों ने इस देशव्यापी हड़ताल में हिस्सा लिया। नवी मुंबई में भी इसका व्यापक असर देखने को मिला, जहां 700 से ज्यादा मेडिकल स्टोर्स बंद रहे।
फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पर दवा बिक्री का आरोप
दवा विक्रेताओं का आरोप है कि कई ऑनलाइन ऐप्स और ई-फार्मेसी कंपनियां नियमों का उल्लंघन करते हुए दवाइयों की बिक्री कर रही हैं। उनका कहना है कि बिना डॉक्टर की वैध पर्ची और फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के जरिए दवाइयां बेची जा रही हैं, जिससे मरीजों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है। मेडिकल स्टोर संचालकों के अनुसार, कई प्रतिबंधित और संवेदनशील दवाइयां भी ऑनलाइन आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

यह भी पढ़िएः न्यूक्लियर सेक्टर में 6.5 लाख करोड़ निवेश समझौता
ऑनलाइन ऐप्स से दवा बिक्री पर केमिस्ट्स का विरोध
केमिस्ट्स का यह भी कहना है कि बड़ी ऑनलाइन कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर छोटे मेडिकल स्टोर्स के कारोबार को प्रभावित कर रही हैं। इससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। दवा विक्रेताओं का दावा है कि उन्होंने कई बार सरकार और संबंधित विभागों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
हड़ताल के चलते कई जगहों पर मरीजों और आम नागरिकों को दवाइयां खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दवा विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जा सकता है।



