Angarki Chaturthi पर मंदिरों में उमड़ी भीड़
Crowds Flock to Ganpati Temples on Angarki Chaturthi
नवी मुंबई/प्रतिनिधि : अंगारकी संकष्टी चतुर्थी के पावन अवसर पर महाराष्ट्र भर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही राज्य के प्रमुख गणपति मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर, पुणे के दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर और टिटवाला गणपति मंदिर में देर रात से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। मंदिर परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा।
वहीं, जालना जिले के राजुर स्थित राजुरेश्वर गणपति मंदिर को इस अवसर पर भव्य रोशनी से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। यहां भी रातभर भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिल सके। अंगारकी चतुर्थी के इस विशेष दिन पर भक्तों ने व्रत रखकर भगवान गणेश से सुख-समृद्धि की कामना की।



