Riteish-Genelia रोड सेफ्टी अभियान के ब्रांड एंबेसडर
Riteish and Genelia Appointed Brand Ambassadors for Road Safety Campaign
मुंबई/सान्वी देशपांडे : महाराष्ट्र सरकार के सड़क सुरक्षा अभियान को नई पहचान देने के लिए राज्य परिवहन विभाग और महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (MSRTC) ने बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख को अगले पांच वर्षों के लिए ‘गुडविल एंबेसडर’ नियुक्त किया है। इस नियुक्ति का कॉन्ट्रैक्ट ट्रांसफर समारोह मुंबई में आयोजित किया गया, जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और परिवहन मंत्री एवं MSRTC के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक मौजूद रहे।
राज्य सरकार का मानना है कि लोकप्रिय कलाकारों की भागीदारी से सड़क सुरक्षा और यात्री जागरूकता अभियानों को आम जनता तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। यह पहल खास तौर पर ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट द्वारा चलाए जा रहे ‘रोड सेफ्टी कैंपेन’ को मजबूत करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि रितेश और जेनेलिया देशमुख जैसे लोकप्रिय चेहरे सड़क सुरक्षा, यात्री जागरूकता और सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से सड़क हादसों को कम करने और सुरक्षित यात्रा के प्रति लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा।



