CIDCO ने शुरू की लॉजिस्टिक्स पार्क परियोजना
CIDCO Launches Logistics Park Project
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई तेजी से देश के प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभर रहा है। ई-कॉमर्स, मैन्युफैक्चरिंग और ग्लोबल ट्रेड में बढ़ोतरी के बीच CIDCO ने पुष्पक नोड के चिरले गांव के पास करीब 374 हेक्टेयर क्षेत्र में इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स पार्क (ILP) विकसित करने की योजना बनाई है। यह परियोजना नवी मुंबई की रणनीतिक लोकेशन और मजबूत कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA), प्रस्तावित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स के कारण यह क्षेत्र लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग इंडस्ट्री के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
CIDCO के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर Vijay Singhal ने कहा कि यह परियोजना नवी मुंबई को राष्ट्रीय स्तर के लॉजिस्टिक्स और फ्रेट मूवमेंट हब में बदलने की दिशा में अहम कदम साबित होगी। परियोजना के तहत पूरे क्षेत्र को सात लॉजिस्टिक्स जोन में विभाजित किया गया है। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी सड़कों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। शुरुआती चरण में CIDCO ने लगभग 72 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले 12 प्लॉट्स के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किए हैं।
इस परियोजना में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स पार्क, कंटेनर फ्रेट स्टेशन और इनलैंड कंटेनर डिपो जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और मनोरंजन से जुड़े बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स भी नवी मुंबई के समग्र विकास को नई गति देंगे।



