
Navi Mumbai : नेरुल में इमारत का स्लैब गिरा
Navi Mumbai: Building Slab Collapses in Nerul
नवी मुंबई/ सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई के नेरुल सेक्टर 16ए स्थित वुडलैंड को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब इमारत की पांचवीं मंज़िल का एक स्लैब अचानक चौथी मंज़िल के हॉल में गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही नेरुल फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
फायर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी इमारत को खाली कराया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिल्डिंग को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो सके। बताया जा रहा है कि इस इमारत में कुल 21 परिवार रह रहे थे। हादसे के बाद कुछ परिवारों को कुक्षेत सेक्टर 14 स्थित वार्ड कमेटी ऑफिस के पास नई मार्केट बिल्डिंग में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया है, जबकि कुछ परिवार अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।



