MIDC बनाएगा दो बड़े ट्रक टर्मिनल
MIDC to Construct Two Major Truck Terminals
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने एशिया के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में गिने जाने वाले ठाणे-बेलापुर इंडस्ट्रियल बेल्ट में ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। भारी वाहनों की बढ़ती संख्या और पार्किंग की कमी के कारण इस बेल्ट में रोज़ाना जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे उद्योगों और आम नागरिकों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
फडणवीस के आदेश पर ट्रैफिक सुधार की पहल
इसी समस्या को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर MIDC ने दो आधुनिक ट्रक टर्मिनल बनाने का काम तेज कर दिया है। ऐरोली के इल्थानपाड़ा और तुर्भे MIDC के D ब्लॉक में यह टर्मिनल बनाए जा रहे हैं, जहां भारी वाहनों के लिए पार्किंग, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ट्रक टर्मिनल न होने के कारण यातायात बाधित
MIDC के अनुसार, ठाणे-बेलापुर औद्योगिक क्षेत्र करीब 2333 हेक्टेयर में फैला हुआ है और यहां 6000 से अधिक छोटे, मध्यम और बड़े उद्योग संचालित हो रहे हैं। इसके चलते जवाहरलाल नेहरू पोर्ट, मुंबई, पुणे और देश के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में ट्रक रोज़ाना यहां आते-जाते हैं। अभी तक ट्रक टर्मिनल न होने के कारण ये वाहन सड़कों के किनारे खड़े किए जाते थे, जिससे यातायात बाधित होता था।
ऐरोली-तुर्भे में बनेंगे आधुनिक ट्रक टर्मिनल
इल्थानपाड़ा में टर्मिनल के लिए 110 करोड़ रुपये और तुर्भे में 95 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। तुर्भे का टर्मिनल लगभग तैयार है और जल्द ही शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इन दोनों टर्मिनलों के शुरू होने से ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी।



