
TCS केस पर NCW सख्त, कॉर्पोरेट में सरप्राइज जांच
NCW Takes Strict Stance on TCS Case; Announces Surprise Inspections in Corporate Sector
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नासिक में आईटी सेक्टर से जुड़ी महिलाओं पर अत्याचार की हालिया घटना ने पूरे राज्य में चिंता बढ़ा दी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल कमीशन फॉर विमेन की चेयरपर्सन विजया रहाटकर ने देशभर की कॉर्पोरेट कंपनियों में सरप्राइज इंस्पेक्शन अभियान चलाने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मंगलवार को CBD बेलापुर स्थित CIDCO भवन में आयोजित पब्लिक हियरिंग के दौरान रहाटकर ने यह बयान दिया। नासिक में TCS में महिलाओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के आरोपों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है।
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर जिले में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में विशेष लोकल टीमें गठित की जाएंगी। इन टीमों में महिला सरकारी अधिकारी और NGOs की प्रतिनिधि शामिल होंगी। साथ ही, कंपनियों के भीतर किसी भी तरह के संगठित गलत नेटवर्क (“रिंग”) को रोकने के लिए प्रबंधन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले की जांच के लिए रिटायर्ड हाई कोर्ट जज साधना जाधव की अध्यक्षता में फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी गठित की गई है, जो सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पीड़ित परिवारों से भी संपर्क कर उनका पक्ष जाना जा रहा है।
इसी बीच, अमरावती की एक घटना में आरोपी द्वारा वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला भी सामने आया है। रहाटकर ने पीड़ितों को पुलिस सुरक्षा देने और आगे आने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को आठ दिनों के भीतर शिकायतों का निपटारा करने का निर्देश दिया है।



