NMMC डिप्टी कमिश्नर रिश्वत लेते गिरफ्तार
NMMC Deputy Commissioner Arrested for Accepting Bribe
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अतिक्रमण विभाग से जुड़े बिल मामले में एक बड़ा भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. कैलाश गायकवाड़ को नवी मुंबई एंटी-करप्शन डिपार्टमेंट ने 42,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिल पास करने के बदले रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार दशरथ सुरवसे ने 15 नवंबर 2024 से 15 फरवरी 2025 के बीच ऐरोली क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का कार्य किया था। इस काम के भुगतान के लिए जब उन्होंने निगम से संपर्क किया, तो आरोप है कि डिप्टी कमिश्नर गायकवाड़ ने बिल पास करने के बदले 42,000 रुपये की रिश्वत मांगी।
इससे परेशान होकर सुरवसे ने एंटी-करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद विभाग की टीम ने जाल बिछाया और मंगलवार को निगम मुख्यालय की तीसरी मंजिल स्थित कार्यालय में गायकवाड़ को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
2% कमीशन की मांग
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुल 1.5 करोड़ रुपये का बिल लंबित था, जिसमें से 21 लाख रुपये के भुगतान के लिए 2 प्रतिशत कमीशन मांगा गया था। फिलहाल, एंटी-करप्शन विभाग मामले की गहन जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस भ्रष्टाचार में अन्य अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं। इस घटना ने नगर निगम में वित्तीय लेन-देन की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



