
NMMC Schools में होगी इंग्लिस मीडियम पढ़ाई
English Medium Instruction to be Introduced in NMMC Schools
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे: नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (NMMC) के शिक्षा तंत्र में बड़े बदलाव की दिशा में ‘एजुकेशन ट्रांसफॉर्मेशन पॉलिसी 2026’ पेश की गई है। सोमवार को हुई जनरल असेंबली में लीडर ऑफ द हाउस सागर नाइक ने यह प्रस्ताव रखा, जिसका उद्देश्य म्युनिसिपल स्कूलों की गुणवत्ता सुधारना और छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ना है। इस पॉलिसी का मुख्य फोकस म्युनिसिपल स्कूलों में इंग्लिश मीडियम को धीरे-धीरे बढ़ाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को भी बेहतर अवसर मिल सकें। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मराठी भाषा को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा और मराठी मीडियम का विकल्प जारी रहेगा।
नई नीति के तहत शिक्षा प्रणाली में कई अहम बदलाव प्रस्तावित हैं। इसमें कक्षा 4 और 7 में इंटेलिजेंस टेस्ट, कक्षा 7 से स्किल-बेस्ड एजुकेशन, और करिकुलम में रोबोटिक्स व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करने की योजना है। इसके साथ ही खेल और शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। हालांकि, विपक्षी दलों ने इस पॉलिसी पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इंग्लिश मीडियम बढ़ाने से पहले स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार और शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण देना जरूरी है। MNS कॉर्पोरेटर अभिजीत देसाई ने इसे जल्दबाजी का फैसला बताते हुए सुझाव दिया कि इंग्लिश सुधार के लिए विशेष टीचर और गतिविधियां शुरू की जानी चाहिए। फिलहाल इस पॉलिसी पर अंतिम फैसला अगली जनरल असेंबली में सुझावों और विस्तृत चर्चा के बाद लिया जाएगा।



