Kerala Elections: 9 अप्रैल को मतदान, तैयारियां तेज
Kerala Elections: Polling on April 9, Preparations Intensify

केरल/प्रतिनिधि : केरल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में अब महज पखवाड़ा शेष है, जिसके चलते चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 140 सीटों पर 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 1,254 उम्मीदवारों ने कुल 2,125 नामांकन दाखिल किए हैं, जिनकी जांच जारी है। जांच के बाद नाम वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी और अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इस चुनाव में 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, जिनमें 273 थर्ड जेंडर मतदाता और 53,984 सर्विस वोटर शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने सुचारू मतदान के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। 1.75 लाख मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है और पहली बार ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल भी लागू किया गया है। राज्य के 30,471 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जहां CAPF की 145 कंपनियां तैनात होंगी। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए डाक मतदान की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।



