
Mumbai : वॉटर मेट्रो प्रोजेक्ट को हरी झंडी
Water Metro Project Given Green Signal in Mumbai
मुंबई/प्रतिनिधि : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में वॉटर मेट्रो प्रोजेक्ट को तीन चरणों में लागू करने के निर्देश दिए हैं। विधान भवन में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि जलमार्ग के माध्यम से यात्री परिवहन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिपयार्ड निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्री परिवहन के लिए आवश्यक नावों का निर्माण स्थानीय स्तर पर किया जा सके।
बैठक में नंदगांव, दिघी और विजयदुर्ग में शिपयार्ड स्थापित करने, MMR में जलमार्ग विकसित करने तथा ग्रीनफील्ड शिप बिल्डिंग क्लस्टर बनाने को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। यह परियोजना मुंबई क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम करने के साथ-साथ एक पर्यावरण अनुकूल परिवहन विकल्प प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



