
Gas Cylinder की कमी से ब्लैक मार्केटिंग तेज
Black Marketing Rises Due to Gas Cylinder Shortage
ठाणे/प्रतिनिधि : घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई में आई कमी के बाद कई जगहों से ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें सामने आने लगी हैं। ठाणे में एक व्यापारी एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि करीब 1,900 रुपये में मिलने वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 4,500 रुपये तक में बेचा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के फूड एंड सिविल सप्लाई डिपार्टमेंट ने पूरे महाराष्ट्र में विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया है। विभाग के अनुसार, शहरों के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि ब्लैक मार्केटिंग पर लगाम लगाई जा सके।
डिपार्टमेंट के शुरुआती ऑब्जर्वेशन में सामने आया है कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में कमी और बढ़ती मांग के कारण स्थिति बिगड़ रही है। इसका असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।



