Post-budget Webinar, पीएम मोदी करेंगे संबोधन
PM Modi to Address Post-Budget Webinar

दिल्ली/प्रतिनिधि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से “सबका साथ, सबका विकास– जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति” विषय पर आयोजित बजट पश्चात वेबिनार को संबोधित करेंगे। इस वेबिनार में शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, आयुष, पर्यटन और आतिथ्य सत्कार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में शिक्षा से रोजगार के मार्ग को मजबूत बनाने, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स क्षेत्र के लिए कंटेंट क्रिएटर लैब विकसित करने तथा क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्रों और नए आयुष संस्थानों की स्थापना जैसी पहलों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा आतिथ्य कौशल विकास, सतत पर्यटन मार्गों के विकास, पूर्वोत्तर क्षेत्र में बौद्ध सर्किट के विस्तार और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़ी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बजट पश्चात आयोजित ये वेबिनार सरकार, उद्योग जगत और विशेषज्ञों के बीच सहयोगात्मक संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा, जिससे प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समावेशी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।



