
Nashik मनपा का पहला ग्रीन बॉन्ड लॉन्च
Nashik Municipal Corporation Launches First Green Bond
नाशिक/प्रतिनिधि : आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के बीच नासिक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने अपने पहले ग्रीन बॉन्ड जारी करने की घोषणा की। नासिक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेयर हिमगौरी अडके, डिप्टी मेयर विलास शिंदे और कमिश्नर मनीषा खत्री ने इसकी जानकारी दी।
नगर निगम के अनुसार ये बॉन्ड 25 फरवरी से 2 मार्च तक बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। प्रति बॉन्ड फेस वैल्यू 1,000 रुपये रखी गई है और इस पर सालाना 8.5 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। अधिकारियों ने इसे निवेशकों के लिए बैंक डिपॉजिट से बेहतर विकल्प बताया।नगर निगम इस ग्रीन बॉन्ड के माध्यम से करीब 200 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इस फंड का उपयोग कुंभ मेले से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर किया जाएगा। मेयर ने कहा कि इस पहल से आम नागरिक भी निवेश के जरिए कुंभ मेले के विकास कार्यों में भागीदारी निभा सकेंगे।



