
Navi Mumbai मनपा को ‘माझी वसुंधरा 5.0’ में दूसरा स्थान
Navi Mumbai Municipal Corporation Ranks Second in 'Majhi Vasundhara 5.0'
नवी मुंबई/तुषार पाटील : महाराष्ट्र सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित ‘माझी वसुंधरा अभियान 5.0’ में नवी मुंबई नगर निगम को 10 लाख से अधिक आबादी वाले बड़े शहरों के अमृत समूह में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। मुंबई में आयोजित पुरस्कार समारोह में महापौर सुजाता पाटिल, डिप्टी मेयर दशरथ भगत और नगर आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे ने पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग की सचिव जयश्री भोज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
समारोह में मनपा को पिछले दो वर्षों—‘माझी वसुंधरा अभियान 4.0’ और ‘5.0’—के पुरस्कार प्रदान किए गए। दोनों वर्षों में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने के साथ ही अभियान 4.0 में ‘भूमि’ विषयगत श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का विशेष पुरस्कार भी मिला। इस प्रकार मनपा को कुल तीन सम्मान प्राप्त हुए।
मनपा प्रशासन के अनुसार, ग्रीन कवर बढ़ाने, जैव विविधता संरक्षण, ठोस कचरा प्रबंधन, वायु गुणवत्ता सुधार, जल संसाधन संरक्षण और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए। रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, ईवी नीति, सोलर प्रोजेक्ट, कंपोस्टिंग और जनभागीदारी अभियानों ने शहर को पर्यावरणीय रूप से सशक्त बनाया।
नगर आयुक्त डॉ. शिंदे ने कहा कि यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। भविष्य में ग्रीन कवर बढ़ाने, जल संरक्षण और वायु गुणवत्ता सुधार पर और अधिक ध्यान दिया जाएगा।



