AI Summit: सुरक्षा भंग, यूथ कांग्रेस का हंगामा
Security Breach at AI Summit, Youth Congress Uproar

दिल्ली/प्रतिनिधि : नई दिल्ली की राजधानी में प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे हाई-प्रोफाइल “एआई इम्पैक्ट समिट” के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर में प्रवेश कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक नारेबाजी की और “PM is Compromised” के नारे लगाए। उस समय सम्मेलन में देश-विदेश के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद थे।
“PM is Compromised” के नारे लगाए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यकर्ता अचानक बैनर-पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के पास पहुंच गए। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और परिसर से बाहर कर दिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक लगभग 10 लोग अंदर पहुंचे थे, जिनमें से 4-5 को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी लोग क्यूआर कोड के जरिए एंट्री लेकर अंदर गए थे। सुरक्षा चूक की भी जांच की जा रही है।
घटना पर बीजेपी कि तीखी प्रतिक्रिया
इस घटना पर बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “राष्ट्रीय शर्म” बताया और कांग्रेस तथा राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक तकनीकी नेतृत्व स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में इस तरह का विरोध देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है।



