AI Summit:PM मोदी ने किया अतिथि नेताओं का स्वागत
AI Summit: PM Modi Welcomes Visiting Leaders

दिल्ली/प्रतिनिधि : भारत की मेजबानी में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेने के लिए दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार प्रमुख और टेक्नोलॉजी दिग्गज नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार शाम भारत मंडपम में विदेशी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
सम्मेलन में IMF की प्रबंध निदेशक, संयुक्त राष्ट्र महासचिव सहित यूरोप, एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। बहुराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और शीर्ष AI कंपनियों के सीईओ भी बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री गुरुवार को समिट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और केंद्रीय सत्र में AI गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा वैश्विक सहयोग पर चर्चा होगी। इसके साथ ही AI एक्सपो का अवलोकन और CEO गोलमेज बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें भविष्य की तकनीकी नीतियों पर महत्वपूर्ण फैसले संभव हैं।



