
“Hind-e-Chadar” से धार्मिक स्वतंत्रता और एकता का संदेश
The "Hind-e-Chadar" Program Spreads the Message of Religious Freedom and Unity
नवी मुंबई/तुषार पाटील : महाराष्ट्र सरकार द्वारा सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की 350वीं शहादत वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्यभर में “हिंद-दी-चादर” विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक स्वतंत्रता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। राज्य के नागपुर, पुणे, मुंबई, ठाणे सहित कई जिलों और महानगरों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विरासत-ए-सिखी प्रदर्शनी और लंगर सेवा का आयोजन किया गया। बिना किसी भेदभाव के आयोजित लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से गुरु तेग बहादुर के बलिदान, निडरता और मानव अधिकारों की रक्षा के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार शिक्षा क्षेत्र में भी उनके विचारों को पाठ्यक्रम में शामिल करने पर काम कर रही है, ताकि विद्यार्थियों में साहस, सहनशीलता और समानता के मूल्य विकसित हों। विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल विभिन्न धर्मों और समुदायों को जोड़कर भाईचारा और आपसी सम्मान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, एकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है।



